अर्जेंटीना में मिले डायनासोर के 100 अंडे, जानें कहाँ से आए ये अंडे

यदि आपसे यह कहा जाए कि धरती का सबसे विशालकाय जीव कौन सा है तो शायद आपके दिमाग में हाथी या ब्लू व्हेल का नाम सामने आएगा। लेकिन, आप में से कुछ ऐसे भी लोग होंगे जिनका उत्तर डायनासोर हो सकता है।
वास्तव में, डायनासोर को इस धरती का सबसे विशालकाय प्राणी माना जाता है। लेकिन, हम सभी अपने आपको सौभाग्यशाली मान सकते हैं कि यह विशालकाय जीव हमारे युग में नही हैं। किंतु, आज से करोड़ो वर्ष पहले यह धरती पर राज करने वाला जीव था।
चूंकि, आज से करोड़ों वर्ष पहले विशालकाय डायनासोर धरती पर राज करते थे। तब आपके मन में निश्चित ही यह प्रश्न उठ रहा होगा कि, आखिर ऐसा क्या हुआ कि सबसे विशालकाय जीव सिर्फ एक इतिहास बनकर रह गए। दरअसल, करोड़ों वर्ष पहले पृथ्वी पर एक ऐस्टरॉइड की टक्कर हुई थी। जिसके पृथ्वी पर काफी उथल पुथल हुई थी। जिससे कई जीव विलुप्त हो गए थे, उन्हीं में से एक डायनसोर भी हैं।
चूंकि, डायनासोर इतिहास के सबसे अनबूझे प्रश्नों में से एक हैं। इसलिए इनसे जुड़े साक्ष्यों पर लगातार शोध और खोज होते रहे हैं। इसी बीच हालिया खोज में लैटिन अमेरिकी देश अर्जेंटीना में डायनासोर के घोसले में 100 से अधिक अंडे प्राप्त हुए हैं। ये सभी प्राचीन अंडे अर्जेंटीना में डायनासोर के एक कब्रिस्तान से मिले हैं। इन अंडों से अब दुनिया में पहली बार डायनासोर के झुंड में रहने के व्यवहार और उनके जीवन के बारे में कई जानकारियां प्राप्त हुई हैं। इस खोज का सबसे दिलचस्प हिस्सा यह है कि, इन अंडों में अब भी भ्रूण बने हुए हैं, जिनसे उनके जीवन से जुड़े कई अनसुलझे प्रश्नों के जवाब मिलने की संभावना है।
विभिन्न वैज्ञानिकों द्वारा की गई इन अंडों की स्कैनिंग से पता चला है कि ये सभी एक ही प्रजाति से ताल्लुक रखते थे। और, इस प्रजाति का नाम मुसोरस पेटागोनिक्स (Mussaurus patagonicus) था। शोधकर्ताओं ने बताया है कि ये लंबी गर्दन वाले डायनासोर शाकाहारी होते थे।
शोधकर्ताओं ने डायनासोर के घोसले के विषय में बताया है कि यह घोसला 19 करोड़ 30 लाख साल पुराना है और इसमें अभी 100 से ज्यादा अंडे मौजूद हैं। साथ ही, इन अंडों की मदद से अब जीवाश्मविज्ञानी डायनासोर की शुरुआती प्रजातियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि, अर्जेंटीना में डायनासोर के इन अंडों की प्राप्ति से पहले वैज्ञानिकों का यह मानना था कि, डायनासोर ने झुंड में रहना काफी बाद में यानि कि जूरासिक काल (Jurassic Period) में शुरू किया था। लेकिन, 100 से अधिक अंडों की इस खोज ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ये बहुत पहले से ही झुंड में रह रहे थे।
उल्लेखनीय है कि, अब तक हुई खोजों में यह सामने आया था कि, लगभग 15 करोड़ साल पहले ही डायनासोर ने झुंड में रहना शुरू किया था। लेकिन, अब इस खोज के बाद यह आंकड़ा 4 करोड़ वर्ष आगे यानि कि 19 करोड़ वर्ष आगे चला गया है।
अर्जेंटीना में इन अंडों की खोज करने वाले शोधकर्ता डिआगो पोल का कहना है कि, वे इस स्थल पर डायनासोर के कंकाल ढूंढ़ने के लिए गए थे। लेकिन, उन्हें वहां पर 80 कंकाल और 100 से अधिक अंडे हासिल हुई हैं। जोकि डायनासोर से जुड़ी अब तक की सबसे बड़ी खोजों में से एक है।