रजनीकांत के करियर की ये 5 फिल्में जरूर देखें, जिन्होंने बना दिया उन्हें सुपरस्टार

सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth) को कौन नहीं जानता ! साउथ से लेकर नॉर्थ तक, हर भाषा और कल्चर के लोग रजनीकांत को जानते हैं और उनकी फिल्में देखते हैं। साउथ ही नहीं, भारतीय फिल्मों के सबसे बड़े सुपरस्टार में से एक रजनीकांत हैं। उनकी अनोखी स्टाइल, स्वैग के करोड़ों फैंस हैं।
रजनीकांत ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1975 में एक फिल्म में सपोर्टिंग रोल से की थी। लेकिन जल्दी ही वे मुख्य भूमिकाओं में लिए जाने लगे और उनके टैलेंट और स्टाइल का लोहा दुनिया ने माना। आज उनका सिर्फ फिल्म में होना ही फिल्म के हिट होने की गारंटी माना जाता है। लगभग 5 दशक से चल रहे उनके एक्टिंग करियर में उन्होंने कई फिल्में की। आज हम उनमें से 5 फिल्में चुन कर लाए हैं आपके लिए जिन्होंने रजनीकांत को सुपरस्टार थलाइवा रजनीकांत बनाया::
1.) काला:
काला फिल्म 2018 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन पा रंजीत ने किया था। यह फिल्म उन लोगों की जिंदगी पर है जो तमिलनाडु से पलायन करके धारावी के स्लम में जाकर बस गए। करीकालन या ‘काला’ उन लोगों का नेता है। उसकी एक मंत्री से ठन जाती है जो पहले गुंडा था और अब उन लोगों को वहां से भगाकर उनकी ज़मीन पर कब्जा कर लेना चाहता है।
2.) रोबोट:
तमिल में इंधिरन नाम से बनी यह फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी। यह एक साइंस फिक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन एस शंकर ने किया था। यह फिल्म बहुत बड़ी हिट थी। इसके बारे में ज़्यादा बताने की खास जरूरत है नहीं। इसमें रजनीकांत के अलावा ऐश्वर्या राय भी थीं। रजनीकांत ने इसमें डबल रोल किया था। एक वैज्ञानिक का, और दूसरा उसके ही जैसे दिखने वाले, उसके ही बनाए गए रोबॉट का।
3.) बाशा:
यह फिल्म 1995 में आई थी। रजनीकांत का इस फिल्म में किरदार एक ऑटो ड्राइवर का था जो अपने अतीत से भागने की कोशिश में है। इस फिल्म में रजनीकांत के किरदार का अतीत हिंसक रहता है और वह उसी से भाग रहा होता है लेकिन फिल्म की कहानी कुछ ऐसी घूमती है कि उसे फिर से उन्हीं गुंडागर्दी की जड़ों की तरफ वापस लौटना पड़ता है।
4.) पादयप्पा:
इस फिल्म में रजनीकांत अपने असली सुपरस्टार स्वैगर वाले एलिमेंट के साथ हैं। फिल्म में थलाइवा के अलावा रम्या कृष्णन, शिवाजी गणेशन, अब्बास, लक्ष्मी और दिवंगत सौंदर्या भी थे। यह फिल्म पादयप्पा की कहानी कहती है जो अपने पिता की मौत का बदला लेना चाहता है और सफलता की राह पर बढ़ता है। रजनीकांत की स्टाइल के फैंस को यह फिल्म ज़रूर देखनी चाहिए।
5.) थालापति:
इसकी कहानी महाभारत की कहानी से कुछ हद तक प्रेरित है। इसमें एक बड़ी कास्ट थी। ममूटी ने महाभारत के दुर्योधन से प्रेरित क्राइम बॉस का किरदार निभाया था। रजनीकांत के किरदार का नाम सूर्या था, जो कि कर्ण से प्रेरित था। एक ठुकराए हुए बेटे, दुख भोगते प्रेमी और सच्चे दोस्त के किरदार में रजनीकांत का किरदार नई ऊंचाइयों को छूता है। इसका निर्देशन मणि रत्नम ने किया था।