EntertainmentFeatureMovies

साउथ की वो 5 फिल्में जिनका दर्शक कर रहे हैं बेसब्री से इंतजार

एक समय बॉलीवुड द्वारा साउथ इंडियन फिल्मों का रीमेक बना कर पैसा कमाने का जो नुस्खा था, उसकी वजह से आज हिंदी दर्शकों को भी साउथ इंडियन फिल्में पसंद आने लगी हैं। साउथ फिल्म इंडस्ट्री से विजय सेतुपति, यश, प्रभास, धनुष, जूनियर एनटीआर, राम चरण तेजा आदि कई एक्टर हैं जिन्होंने साउथ से निकल कर हिन्दी पट्टी के दर्शकों में भी अपनी पहुंच बना ली है। इनमें बहुत बड़ा हाथ डब होकर आई फिल्मों का भी है। आज हम आपको बताएंगे ऐसी ही 5 आने वाली फिल्मों के बारे में, जिनके डब होकर आने का इंतज़ार हिन्दी के दर्शक करेंगे –

Advertisement

1) आदिपुरुष:

साउथ इंडियन सुपरस्टार प्रभास की झोली में कई बड़ी फिल्में हैं। कई अन्य फिल्मों के बीच प्रभास ओम राउत की आने वाली फिल्म आदिपुरूष में भगवान राम का किरदार अदा करेंगे। इस फिल्म में जानकी के किरदार में कृति सैनन और लंकेश के किरदार में सैफ अली खान नजर आएंगे। ओम राउत की पिछली फिल्म तन्हाजी (2020) बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

खबरों के अनुसार, आदिपुरुष की शूटिंग नवंबर 2021 में पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम खत्म कर के अगस्त 2022 तक फिल्म रिलीज के लिए तैयार हो जाएगी।

Advertisement

2) लाइगर:

लाइगर फिल्म की शूटिंग एक साथ हिंदी और तेलुगु में हुई है। इस फिल्म में दक्षिण भारत के सुपरस्टार विजय देवराकोंडा एक किक बॉक्सर की भूमिका में दिखेंगे। इस फिल्म में अनन्या पांडेय, रॉनित रॉय, रम्या कृष्णन भी हैं। यह फिल्म हिन्दी और तेलुगु के अलावा डब होकर तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज़ होगी। इसकी शूटिंग फिलहाल चल रही है।

3) सालार:

यह एक कन्नड़-तेलुगु भाषा की फ़िल्म है। इसे एक साथ दोनों भाषाओं में शूट किया जा रहा है। प्रशांत नील और विजय किरागण्डूर इस फिल्म के निर्देशक और निर्माता हैं। इन्होंने ही साथ में केजीएफ : चैप्टर 2 भी बनाई थी। यह फिल्म 2023 की गर्मियों में रिलीज होगी।

4) पुष्पा : द रूल:

अल्लू अर्जुन की 2021 की ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा: द राइज का सीक्वल 2023 में सिनेमाघरों में लगेगा। पहले इस फिल्म को दिसंबर 2022 में सिनेमाघरों में आना था, लेकिन अब इसे 2023 में वापस धकेल दिया गया है। सुनने में आया है कि केजीएफ : चैप्टर 2 की सफलता के बाद, निर्देशक सुकुमार ने निर्माताओं से एक्शन सीक्वेंस और फिल्म की कहानी को और बेहतर बनाने के लिए आग्रह किया है।

Advertisement

5) रामाराव ऑन ड्यूटी:

जनता के दिलों के राजा रवि तेजा की फिल्म रामाराव ऑन ड्यूटी का लंबे समय से इंतजार है। पहले इस फिल्म को 25 मार्च को रिलीज होना था लेकिन फिर राजामौली की आरआरआर के कारण इसकी रिलीज डेट बढ़ा कर 17 जून, 2022 कर दी गई है। इस फिल्म में रवि तेजा मुख्य भूमिका में होंगे। उनके अपोजिट नायिका की भूमिका में जय भीम फेम राजिशा विजयन होंगी।

Advertisement

Related Articles

Back to top button